प्रयागराज। पीईटी के दूसरे दिन पहली पाली के प्रश्नपत्र में सामान्य अध्ययन तो दूसरी पाली की परीक्षा में गणित के प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को उलझाया। प्रयागराज के 67 केंद्रों पर परीक्षा में 80 फीसदी अभ्यर्थी शामिल हुए।
रविवार को प्रयागराज में परीक्षा में कुल 48240 अभ्यर्थी पंजीकृत थे जिनमें से 38606 उपस्थित व 9634 अनुपस्थित रहे। पहली पाली में पंजीकृत 24120 में से 19235 (79.74 फीसदी) व दूसरी में 24120 अभ्यर्थियों में से 19371 (80.31 फीसदी) ने उपस्थिति दर्ज कराई।
सुबह 10 से दोपहर 12 बजे की पहली पाली में परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने बताया कि सामान्य अध्ययन के कुछ प्रश्न काफी कठिन थे जबकि गणित के सवाल सामान्य स्तर के थे। वहीं, अपराह्न तीन से शाम पांच बजे की दूसरी पाली की परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के अनुसार गणित के प्रश्न काफी उलझाऊ थे जिन्हें हल करने में वक्त लगा। दूसरी पाली में सामान्य अध्ययन’ के प्रश्न आसान थे।
