प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में प्रयागराज पहले स्थान पर पहुंच गया है। जनवरी 2026 की जारी हेल्थ डैशबोर्ड की रैंकिंग में प्रयागराज प्रदेश में अव्वल है। इससे पहले प्रयागराज नवंबर और दिसंबर 2025 में दूसरे स्थान पर था। वहीं, कौशाम्बी का प्रदर्शन भी नवंबर व जनवरी की अपेक्षा बेहतर हुआ है।
जहां नवंबर 2025 में 23 और दिसंबर में 22 वें स्थान पर था, तो वहीं जनवरी में कौशाम्बी प्रदेश की हेल्थ डैशबोर्ड रैंकिंग में नौवें स्थान पर पहुंच गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत निर्धारित 16 मापदंडों में प्रयागराज का प्रदर्शन बेहतर रहा है।
कार्यक्रम प्रबंधक विनोद सिंह ने बताया कि प्रयागराज तय मानकों संस्थागत प्रसव,सिजेरियन प्रसव, बच्चों का टीकाकरण, परिवार नियोजन, टीबी मरीजों का नोटिफिकेशन, प्रति आशा भुगतान, स्टील बर्थ, आउट लायर, स्वास्थ्य सुविधाओं की ‘रिपोर्टिंग, गर्भवती महिलाओं के एचआईवी की जांच, एचबीएलसी विजिट, आशाओं का गृह भ्रमण, गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन की जांच, प्रति एक हजार पर आशाओं की संख्या, डिलेवरी लोड के सापेक्ष प्रसव इकाईयों की उपलब्धता व एसबीए प्रशिक्षित स्टाफ नर्स व एएनएम की संख्या में बेहतर प्रदर्शन किया है।
प्रदेश में प्रयागराज हेल्थ डैशबोर्ड रैंकिंग में पहले स्थान पर है। यह हमारे लिए बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए पूरी टीम को बधाई। इस उपलब्धि को बनाए रखना जरूरी है। – डॉ. एके तिवारी, सीएमओ
प्रदेश के 18 मंडलों में प्रयागराज मंडल दूसरे स्थान पर : जनपद के अलावा प्रयागराज मंडल का प्रदर्शन भी बेहतर हुआ है। जिसके परिणाम स्वरूप जनवरी की रैंकिंग में प्रदेश के 18 मंडलों में प्रयागराज दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। प्रयागराज में मेजा पहले, हंडिया दूसरे, भगवतपुर तीसरे, होलागढ़ चौथे और शंकरगढ़ पांचवें स्थान पर है। जबकि शहरी क्षेत्र का सबसे खराब प्रदर्शन रहा है।
