राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 11 सितंबर को प्रयागराज आएंगे। प्रयागराज में विधि विश्वविद्यालय के शिलान्यास के साथ ही हाईकोर्ट के एक अन्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। राष्ट्रपति के स्वागत के लिए शहर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। राष्ट्रपति 11 सितंबर की रात प्रयागराज में प्रवास कर सकते हैं।
हालांकि अब तक राष्ट्रपति कार्यालय से प्रोटोकॉल के तहत विस्तृत कार्यक्रम जारी न होने के कारण प्रशासनिक अफसर कुछ कह तो नहीं रहे हैं। अलबत्ता शहर की सड़कों की होती मरम्मत और डिवाइडरों का रंग-रोगन स्वागत की तैयारी को बयां कर रहा है। प्रयागराज आगमन पर राष्ट्रपति के गंगा पूजन व आरती में शामिल होने की बात चल रही है। दो दिनों से बालसन चौराहे पर उखड़ी हुई सड़क की पूरी मरम्मत की जा रही है।
इतना ही नहीं उखड़ चुके टेबल टॉप को भी दुरुस्त किया जा रहा है। अफसरों की टीम झलवा विधि विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण करने भी पहुंची थी। क्षेत्र में सभी बंदोबस्त किए जा रहे हैं। महात्मा गांधी मार्ग पर डिवाइडर को पेंट किया जा रहा है। जिन मार्गों से राष्ट्रपति गुजर सकते हैं, उन सभी सड़कों को दुरुस्त कराया जा रहा है। पूछने पर अफसर फिलहाल कुछ नहीं बोल रहे हैं।
Samiksha
