ब्यूरो/लखनऊ : वाराणसी में किसानों की जमीन अधिग्रहण के मामले को लेकर शनिवार को लखनऊ में विधानसभा के सामने जमकर हंगामा हुआ। दोपहर में सिराथू से MLA पल्लवी पटेल किसानों के साथ विधानसभा के बाहर धरना देने पहुंचीं। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर पल्लवी पटेल और किसानों को रोक लिया। इसके बाद विधायक और किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।इस पर पुलिस सभी किसानों को हिरासत में लेकर इको गार्डेन ले गई। इसके बाद मामला शांत हुआ। पल्लवी पटेल ने कहा कि वाराणसी में 11 परिवारों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के लाठीचार्ज में महिलाओं को चोट भी आई है। किसानों को नजरबंद किया है। अगर सरकार 48 घंटे के अंदर किसानों की मांगों को नहीं मानती है, तो हम लोग जन आंदोलन करेंगे।
