महाकुंभ नगर। महाकुंभ के आखिरी स्नान पर्व पर फिल्म अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने भावुक कर देने वाला आध्यात्मिक पोस्ट किया। यह पोस्ट कुछ दिन पहले हुई प्रयागराज की यात्रा से जुड़ी है। प्रीति ने कहा, जीवन-मृत्यु के चक्रों से मुक्त होने की इच्छा के बीच जीवन और आसक्ति के बीच द्वंद्व का अहसास हुआ।
उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर अपने ऑफिशियल अकाउंट से अपनी यात्रा से जुड़ा एक वीडियो शेयर करते हुए आध्यात्मिक अनुभूति के बारे में विस्तार से लिखा।
प्रीति ने लिखा, ‘कुंभ मेले में यह मेरा तीसरा मौका था और यह जादुई, दिल को छूने वाला और थोड़ा दुखद था। जादुई इसलिए क्योंकि मैं चाहे जितनी भी कोशिश कर लूं, मैं यह नहीं बता सकती कि मुझे कैसा महसूस हुआ।.
दिल को छूने वाला इसलिए क्योंकि मैं अपनी मां के साथ गई थी और यह उनके लिए दुनिया से बढ़कर था। क्या मैं अपने परिवार, बच्चों और अपने प्रियजनों को छोड़ने के लिए तैयार हूं। नहीं, मैं तैयार नहीं हूं! यह बहुत ही भावुक और विनम्न करने वाला होता है, जब आपको यह अहसास होता है कि आसक्ति के तार मजबूत और शक्तिशाली हैं और चाहे आपकी आसक्ति कुछ. भी हो, आखिरकार आपकी आध्यात्मिक यात्रा और आगे की यात्रा अकेले ही होगी। मैं इस धारणा के साथ वापस आई कि हम आध्यात्मिक अनुभव वाले मनुष्य नहीं हैं बल्कि आध्यात्मिक प्राणी हैं जो मानवीय अनुभव कर रहे हैं
