प्रयागराज। लंबी प्रक्रिया के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रयागराज महानगर, यमुनापार एवं गंगापार के अध्यक्षों के नाम की घोषणा रविवार को हो गई। पार्टी ने अपने वरिष्ठ एवं पुराने जमीनी नेताओं को ही अध्यक्ष बनाया है। महानगर से पूर्व पार्षद एवं व्यापारी नेता संजय गुप्ता को जहां अध्यक्ष बनाया गया है तो वहीं गंगापार से पूर्व एमएलसी एवं कैंटोनमेंट बोर्ड में सभासद रहीं निर्मला पासवान को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी तरह यमुनापार से महामंत्री राजेश शुक्ला को अध्यक्ष बनाया है।
जिला पंचायत सभागार में एमएलसी एवं प्रयागराज के प्रभारी अनूप गुप्ता ने अध्यक्षों के नाम की घोषणा की। इस दौरान वहां उत्साही कार्यकर्ताओं ने जयश्री राम के जयकारे भी लगाए। तीनों निर्वाचित अध्यक्षों को पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से लाद दिया। यहां कहा गया कि संजय, निर्मला एवं राजेश को अध्यक्ष बनाए जाने के बाद अब संगठन को मजबूती मिली है।
इस दौरान विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, दीपक पटेल, गुरु प्रसाद मौर्य, पीयूष रंजन निषाद, पूर्व मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी, सुबोध सिंह, डॉ. शैलेश पांडेय, आनंद दुबे आदि ने तीनों अध्यक्षों का स्वागत किया। बता दें कि संजय गुप्ता, निर्मला पासवान और राजेश शुक्ला भाजपा के काफी पुराने कार्यकर्ता हैं।
51 वर्षीय संजय ने वर्ष 1989 से भाजपा में कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। वह दो बार पार्षद भी रह चुके हैं। भाजपा काशी प्रांत के उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता के वह भांजे भी हैं। पार्टी में महानगर मंत्री, महानगर उपाध्यक्ष, युवा मोर्चा प्रभारी, आईटी प्रभारी आदि दायित्व को निभा चुके हैं।
उधर, 57 वर्षीय निर्मला पासवान भी 1992 से पार्टी में लगातार सक्रिय हैं। उनके मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव बताते हैं कि वह 2012 में भाजपा के टिकट पर सोरांव विधानसभा से चुनाव भी लड़ चुकी हैं। गंगापार में वह लगातार सक्रिय रहीं। इसी तरह यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला भी वर्ष 2000 से भाजपा के सक्रिय सदस्य के रूप में काम कर रहे हैं।
52 वर्षीय राजेश जिलामंत्री, जिला उपाध्यक्ष रहने के साथ भाजपा यमुनापार में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। मीडिया प्रभारी दिलीप चतुर्वेदी ने बताया कि अध्यक्ष बनने के पूर्व वह यमुनापार भाजपा में महामंत्री के पद पर कार्य कर रहे थे।
