मुंबई। शहीद, उपकार व पूरब और पश्चिम जैसी लोकप्रिय फिल्मों से भारत कुमार का नाम पाने वाले जाने-माने अभिनेता और फिल्मकार मनोज कुमार का शुक्रवार तड़के निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे और बीते कुछ समय से बीमारी से जूझ रहे थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत राजनीतिक व फिल्मी हस्तियों ने उनके निधन पर शोक जताया है।
मनोज कुमार के मित्र व फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने बताया कि उन्होंने कोकिलाबेन अस्पताल में तड़के करीब साढ़े तीन बजे अंतिम सांस ली। चार जुलाई, 1937 को एबटाबाद (अब पाकिस्तान) में जन्मे कुमार को 21 फरवरी को निमोनिया के कारण भर्ती कराया गया था। बेटे कुणाल गोस्वामी ने बताया, वह लिवर सिरोसिस से भी जूझ रहे थे। पीएम मोदी ने लिखा, मनोज कुमार भारतीय सिनेमा के आदर्श थे, जिन्हें उनकी देशभक्ति की भावना के लिए याद किया जाता है, यह उनकी फिल्मों में भी झलकता था। उनकी फिल्मों ने राष्ट्रीय गौरव की भावना को जगाया, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी।
