कोलकाता नाइटराइडर्स का अपने घर में खराब प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। अजिंक्य रहाणे की टीम एक बार फिर अपनी घरेलू पिच को पढ़ने में चूक गई, जिसका गुजरात टाइटंस के कप्तान प्लेयर ऑफ द मैच शुभमन गिल ने फायदा उठाते हुए 55 गेंद में 90 रन की पारी खेल अपनी टीम को केकेआर पर 39 रन से जीत दिलाई। छठी जीत के साथ गुजरात ने शीर्ष पर अपने स्थान को और मजबूत कर लिया है।
कोलकाता की यह पांचवीं हार है। यह गिल और ऑरेंज कैपधारी बी साई सुदर्शन के बीच 74 गेंद में निभाई गई 114 रन की ओपनिंग साझेदारी रही, जिसने शुरू से ही कोलकाता को मुकाबले में पीछे ढकेल दिया। सुदर्शन ने 36 गेंद में 52 रन बनाए। बटलर ने अंत में 23 गेंद में नाबाद 41 रन की पारी खेलकर गुजरात को तीन विकेट पर 198 रन तक पहुंचाया। जवाब में कोलकाता के बल्लेबाज प्रसिद्ध कृष्णा (2/25) और राशिद खान (2/25) की गेंदों का सामना नहीं कर पाए और 8 विकेट पर 159 रन बनाते हुए मुकाबला हार गए। कोलकाता के लिए उनके कप्तान रहाणे ही कुछ प्रतिरोध कर पाए। उन्होंने 36 गेंद में 50 रन की पारी खेली।
