लखनऊ। प्रदेश में पूरब और पश्चिम दोनों संभागों में तेज धूप और गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर रखा है। दिन में तपन के साथ-साथ रातों में भी गर्मी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए पूरब से पश्चिम तक प्रदेश के 40 जिलों में गर्म हवा संग लू चलने और 13 जिलों में उष्ण रात्रि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।मंगलवार को प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, सुल्तानपुर, अमेठी, बहराइच, लखनऊ, गोरखपुर जैसे जिलों में अधिकत्तम पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। दक्षिणी हिस्से प्रयागराज, वाराणसी आदि में दिन में 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ चलने से तपिश में मामूली राहत रही। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्रलखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक पछुआ चलने से रात में गर्मी थोड़ी कम होगी। अगले तीन से चार दिनों मेंअधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है। इस बीच झांसी व कुछ अन्य जिलों में तापमान 45 डिग्री तक जा सकता है।
