नई दिल्ली। भारत ने पहलगाम हमले के लिए पूरी तरह पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके साथ राजनयिक संबंध न्यूनतम कर दिए हैं और दोनों देशों में राजनयिकों की संख्या 55 से घटा कर 30 कर दी है। इसके अलावा पाकिस्तान के बड़े हिस्से की जीवनरेखा मानी जाने वाली सिंधु नदी का पानी रोकने के लिए भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया है। पाकिस्तानी नागरिकों को अब सार्क वीजा नहीं जारी किया जाएगा और सार्क वीजा पर भारत में मौजूद सभी पाकिस्तानियों को 48 घंटे में देश छोड़ने के लिए कहा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक में पाकिस्तान के खिलाफ यह कड़े फैसले किए गए। बैठक के बाद विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री ने बताया, भारत सिंधु जल संधि को तब तक के लिए स्थगित कर रहा है, जब तक पाकिस्तान आतंकी हमले बंद नहीं करता। इसके अलावा अटारी-वाघा सीमा को तत्काल बंद किया जा रहा है। इस रास्ते से जो पाकिस्तानी वैध दस्तावेज के जरिये आए हैं वे एक मई तक लौट पाएंगे। मिस्त्री ने कहा, दिल्ली व इस्लामाबाद में दोनों देशों के उच्चायोग में राजनयिकों की संख्या सीमित की जा रही है और नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग में मौजूद रक्षा सेवाओं के अधिकारियों को अवांछित घोषित कर दिया गया है। इन्हें देश छोड़ने के लिए एक सप्ताह की मोहलत दी गई है।
