नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद आतंकवाद के खतरे को खत्म करने की जरूरत पर बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल ने जिस तरह से विभिन्न देशों के सामने भारत के विचार को रखा, उस पर उन्हें गर्व है। पीएम मोदी ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को रात्रि भोज पर आमंत्रित किया। इनमें मौजूदा व पूर्व सांसद और मौजूदा व पूर्व राजनयिक शामिल थे, जिन्होंने पिछले कुछ हफ्तों में विश्व के 33 शहरों की यात्रा की।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, विभिन्न देशों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों के सदस्यों से मुलाकात की। उनसे शांति के प्रति भारत की प्रतिबद्धता व आतंकवाद के खतरे को समाप्त करने की जरूरत पर विस्तार से चर्चा की। जिस तरह से उन्होंने भारत की आवाज को आगे बढ़ाया, उस पर हम सभी को गर्व है। सदस्यों ने प्रधानमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए। केंद्र सरकार पहले ही 50 से अधिक व्यक्तियों वाले सात प्रतिनिधि मंडलों के काम की प्रशंसा कर चुकी है। एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी रात्रि भोज में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने बचपन के मित्र और संबंधी की बीमारी की वजह से दुबई जाना पड़ा। इस बारे में उन्होंने पहले ही प्रतिनिधिमंडल के नेता वैजयंत पांडा को जानकारी दे दी थी।
