मुंबई। महाराष्ट्र के पुणे के मावल-कुंडमला में इंद्रायणी नदी पर बना लोहे का पुल रविवार को अचानक टूट गया, जिससे 4 पर्यटकों की मौत हो गई। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने बताया कि 18 से अधिक घायल हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर है। राहत व बचाव कार्य के दौरान 38 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे में कई लोग लापता हैं, जिन्हें ढूंढ़ने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
विभागीय आयुक्त चंद्रकांत पुलकुंडवार ने बताया कि इंद्रायणी नदी के तट पर कुंडमला पर्यटन स्थल है। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण बड़ी संख्या में लोग पर्यटन के लिए आए थे। जिस वक्त पुल ढहा, उस पर 100 से 125 लोग मौजूद थे। पुल जर्जर अवस्था में था, इसलिए उसके दोनों ओर सूचना पट्टिका लगाई गई थी। लोग इस सूचना को नजरअंदाज कर पुल पर इकट्ठा हो गए। पुल अधिक भार सहन नहीं कर सका और टूट गया। पुणे के आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार घायलों को मावल के सोमाटने फाटा स्थित पवना अस्पताल, मैमार अस्पताल और अथर्व अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मोचन आपदा बल (एनडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।5-5 लाख रुपये का मुआवजा : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये आर्थिक सहायता और घायलों के मुफ्त इलाज की घोषणा की है। फडणवीस ने कहा, एनडीआरएफ की टीमें बचाव में लगी हुई हैं। मैं लगातार डिविजनल कमिश्नर के संपर्क में हूं। करीब 32 लोग घायल हुए हैं। संभव है कि कुछ लोग नदी की तेज धार में बह गए हों। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर कैंप कर रही हैं। वहीं, उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा, हादसे के कारणों की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
