प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में परास्नातक (पीजी) प्रवेश के लिए इस बार समर्थ पोर्टल के माध्यम से काउंसलिंग कराई जाएगी। 10 से 13 जून तक आयोजित पीजी प्रवेश परीक्षा-2025 का परिणाम जून के अंत में संभावित है और जुलाई के पहले सप्ताह से ऑनलाइन दाखिले की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है।
इविवि एवं संघटक कॉलेजों में पीजी के 61 विषयों की 7231 सीटों के लिए कुल 32867 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे। सभी विषयों की प्रवेश परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 80 से 90 फीसदी तक रही। ऐसे में इस बार प्रवेश के लिए स्पर्धा कठिन होने जा रही है। प्रवेश निदेशक प्रो. जेके पति ने बताया कि कॉपियों की स्कैनिंग का काम पूरा कर लिया गया है।
परीक्षा परिणाम जून के अंत में संभावित है। पूरा प्रयास होगा कि निर्धारित समय सीमा में परिणाम जारी कर दिया जाए। परिणाम घोषित होने के बाद अभ्यर्थियों की काउंसलिंग समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन की जाएगी। काउंसलिंग सफलता के साथ पूरी होने के बाद अभ्यर्थी प्रवेश के लिए संबंधित विभागों में जाएंगे। इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में स्नातक प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को सेंट्रल यूनिविर्सटी एंट्रेस टेस्ट (सीयूईटी) के रिजल्ट का इंतजार है। इस बार भी यूजी से पहले पीजी प्रवेश शुरू होने के आसार हैं। सीयूईटी का परिणाम घोषित होने के बाद इविवि में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इसके बाद कटऑफ अंक जारी कर दाखिले शुरू किए जाएंगे।
