पटवाई (रामपुर)। सरकारी जमीनों को कब्जा मुक्त कराने के लिए शुरू की गई मुहिम में मंगलवार को दिन निकलते ही प्रशासन ने अतिक्रमण की जद में आए मस्जिद, मंदिर के साथ ही थाने का कार्यालय को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। इसके अलावा छह दुकानों को भी तोड़ा गया। कार्रवाई से दुकानदारों में खलबली मची रही।
अतिक्रमण को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। प्रशासन की ओर से पूरे जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। कस्बे में अतिक्रमण को लेकर पूर्व में 14 दुकानों को ध्वस्त किया जा चुका है। इसके साथ ही अतिक्रमण के दायरे में आईं छह दुकानों के साथ ही थाने का दफ्तर, मस्जिद, एक दुकान के दूसरे तल पर बने मंदिर व एक मजार को भी पिछले दिनों चिह्नित ‘किया गया था। यहां पर लाल निशान लगाए गए थे, जिसके बाद से लोगों ने खुद ही अतिक्रमण तोड़ना शुरू कर दिया था। मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे प्रशासन ने पटवाई मे बड़ी कार्रवाई की। कस्बे के सराय में स्थित एक मस्जिद को जेसीबी के जरिए ध्वस्त कर दिया गया।
