प्रयागराज / मऊआइमा । चकअफल उर्फ पूरे लीला (राजेतारा) गांव में बुधवार देर रात करीब एक बजे घर में घुसकर विजय बहादुर उर्फ मलखान पटेल (38) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आशंका है कि जमीन के विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है।
विजय बहादुर (फाइल फोटो) मऊआइमा थाना पुलिस ने प्रधान के पति समेत चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मामले में पुलिस राकेश कुमार समेत एक अन्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बुधवार शाम विजय बहादुर उर्फ मलखान पटेल पुत्र शिवनाथ पटेल जमीन को लेकर पंचायत के बाद घर आया था। रात में भोजन करने के बाद वह घर के बरामदे में सो रहा था। पास में पत्नी सुमन देवी भी थीं। सुमन ने बताया कि रात कोउसके पेट में दर्द होने के कारण वह खेत चली गई। वापस लौटी तो गोली चलने की आवाज सुनाई दी। दौड़कर घर के अंदर पहुंची तो देखा कि पति खून से लथपथ पड़े हैं और कुछ युवक वहां से भाग रहे हैं।
शोर मचाया तो परिवार के अन्य लोग पहुंचे। गांववाले भी इकट्ठा होगए। लोगों की मदद से विजय को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मऊआइमा पुलिस के साथ एसीपी फूलपुर पंकज लवनिया, फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड की टीम पहुंचकर जांच शुरू की।
