प्रयागराज। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय नैक की ‘ए’ ग्रेड मिलने के बाद अब नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) में बेहतर प्रदर्शन की तैयारी में जुट गया है। लखनऊ में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने राज्य विश्वविद्यालय की टीम से मुलाकात के दौरान ‘ए’ ग्रेड मिलने की बधाई देने हुए एनआईआरएफ रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य दिया।
कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में लखनऊ पहुंची टीम ने राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल से मिलकर उनके मार्गदर्शन एवं प्रेरणा के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान यह विचार-विमर्श भी हुआ कि आगामी मूल्यांकन में विश्वविद्यालय को सर्वोच्च ग्रेडिंग प्राप्त हो सके, इसके लिए किस दिशा में कार्य किये जाने की आवश्यकता है।राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय को शोध एवं प्रकाशन (रिसर्च एंड पब्लिकेशन) की दिशा में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्य मूल्यांकन की प्रक्रिया को सुदृढ़ करने, उसकी समीक्षा करने एवं आवश्यकतानुसार उसमें सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने टीम वर्क को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि रुकना नहीं चाहिए, चलते रहना चाहिए।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय को एनआईआरएफ की तैयारी शीघ्र आरंभ करने का निर्देश दिया। कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों ही बड़ी सफलताओं का आधार बनता है। इसी क्रम में उन्होंने क्यूएस एशिया और वर्ल्ड रैंकिंग की दिशा में भी तैयारी आरंभ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण से सोचकर और डेटा को व्यवस्थित ढंग से संजोकर रखेंगे तो मूल्यांकन प्रक्रिया सरल हो जाएगी।
राज्यपाल ने मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों को अपने कार्यों का विस्तार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुनियोजित योजना बनाकर यदि कार्य किया जाए तो परिणाम निश्चित रूप से उत्कृष्ट होंगे। उन्होंने यह निर्देश भी दिए कि विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के सह-पाठ्यक्रमीय एवं रचनात्मक प्रवृत्तियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए
