भुवनेश्वर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संविधान से धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद को हटाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा गरीबों और आदिवासियों की रक्षा के लिए बनाए गए कानूनों को कमजोर कर रही है। यहां कांग्रेस की संविधान बचाओ समावेश रैली में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भगवा दल का मिशन संविधान को बदलना है। भाजपा समर्थक ओडिशा में दलितों और सरकारी अधिकारियों पर हमले कर रहे हैं।
खरगे ने कहा, अगर दलित, आदिवासी और युवा अपने अधिकारों के लिए लड़ना नहीं सीखेंगे तो भाजपा उनका सफाया कर देगी। कांग्रेस ने 2006 में गरीबों और आदिवासियों की रक्षा के लिए वन अधिकार अधिनियम बनाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार इस कानून को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया, उद्योग के नाम पर, भाजपा सरकार हर जगह जंगलों को नष्ट कर रही है।
