कनानास्किस। कनाडा में जी-7 शिखर सम्मेलन की शुरुआत से पहले दुनिया की सात बड़ी आर्थिक ताकतों ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध को लेकर साझा बयान जारी किया है। इन देशों के नेताओं ने पश्चिम एशिया में शांति व स्थिरता की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि इस्राइल को आत्मरक्षा का अधिकार है, जबकि ईरान आतंकवाद का स्रोत है। साझा बयान के अनुसार, हम जी-7 के नेता पश्चिम एशिया में शांति व स्थिरता के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं।
इस संदर्भ में हम पुष्टि करते हैं कि इस्त्राइल को अपनी रक्षा करने का अधिकार है। हम इस्राइल की सुरक्षा के लिए अपना समर्थन दोहराते हैं। हम नागरिकों की सुरक्षा के महत्व की भी पुष्टि करते हैं। जी-7 के नेताओं ने बयान में कहा, ईरान क्षेत्रीय अस्थिरता और आतंकवाद का मुख्य स्रोत है। हम लगातार स्पष्ट रहे हैं कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए। हम आग्रह करते हैं कि ईरानी संकट के समाधान से पश्चिम एशिया में शत्रुता में व्यापक कमी आएगी। इसमें गाजा में युद्ध विराम भी शामिल है।
