प्रयागराज/नवाबगंज। नवाबगंज के हथिगहां बाजार में पैमाइश करने पहुंची राजस्व टीम पर ईंट-पत्थर व लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। इसमें लेखपाल संघ के अध्यक्ष, पार्षद पति व पूर्व प्रधान घायल हो गए। पूर्व प्रधान की ओर से 13 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है।
हथिगहां के पूर्व प्रधान रामकैलाश यादव ने बताया कि दोपहर लगभग 2:45 बजे आराजी संख्या-82 स्थित की नाप मंदिर निर्माण के लिए कराई जा रही थी। नाप के लिए जिला लेखपाल संघ के अध्यक्ष राजकुमार सागर के नेतृत्व में राजस्व टीम के साथ ही पुलिसबल व पार्षद पति प्रमोद कुमार मौर्य भी मौजूद थे।
आरोप है कि इसी दौरान एकराय होकर विकास यादव, मुकेश यादव, आशा देवी, कुंवर सिंह, उदय सिंह, अजय सिंह, विजय सिंह, दीपक यादव, मोहित यादव, गुंजन, गुलशन, अमर सिंह व प्रभा देवी ने ईंट-पत्थर चलाते हुए लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
इसमें उनके सिर व सीने में गंभीर चोटें आईं। जबकि, प्रमोद के भी सिर व लेखपाल संघ अध्यक्ष के हाथ में चोट पहुंची। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह बीचबचाव कर उनकी व अन्य घायलों की जान बचाई। हमलावरों ने घायलों व ग्रामीणों को धमकी भी दी। कहा, सरकारी काम न होने देंगे।
गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी। इंस्पेक्टर अनिल कुमार मिश्रा का कहना है कि कुछ अराजकतत्व जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। अपने सगे संबंधियों को बुलाकर एक संगठन के बैनर तले बवाल करने की कोशिश की गई।
ईंट-पत्थर चलने से तीन से चार लोगों को चोटें आई हैं। मौके से आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है। उधर, डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, बवाल शांत होने के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। करीब एक घंटे की जद्दोजहद के बाद प्रस्तावित मंदिर की जमीन पर बुलडोजर चलवाकर अतिक्रमण हटाया गया।
