इजरायल-ईरान युद्ध के बीच भारत सरकार ने ईरान में रह रहे भारतीयों की सकुशल घर वापसी के लिए आपरेशन सिंधु की शुरुआत की है. इस आपरेशन के जरिए भारतीयों को सुरक्षित ईरान से लाया जाएगा. इस बीच तेहरान के के शवर्ज स्ट्रीट इलाके में मेडिकल छात्रों के छात्रावास पर हुए हमले में कुछ भारतीय छात्रों के घायल होने की खबरें आई है.
ईरान में बड़ी संख्या में भारतीय छात्र पढ़ाई करते हैं. इन सभी को वापस लाने की तैयारी युद्धस्तर पर की जा रही है. इस कड़ी में ईरान के उर्मिया मेडिकल यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे लगभग 110 भारतीय छात्रों को सुरक्षित रूप से आर्मेनिया लाया गया है. ये सभी छात्र भारत लाए जा रहे हैं. ईरान से भारत लाए जा रहे छात्रों का पहला जत्था गुरुवार को भारत पहुंचेगा. विदेश मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी एक बयान में कहा गया कि यह उन कदमों का हिस्सा है, जो सरकार ने ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए पिछले कई दिनों में उठाए हैं.
