भीषण सर्दी के कारण आम दिनों की अपेक्षा हृदय रोगियों की संख्या में करीब 40 फीसदी तक इजाफा हुआ है। पिछले एक महीने के भीतर करीब 800 हृदय रोगी स्वरूप रानी नेहरु चिकित्सालय (एसआरएन) में भर्ती हुए हैं। इनमें लगभग 50 फीसदी मरीज हार्ट फेलियर के हैं।
एसआरएन अस्पताल में लगातार मरीजों की संख्या बढ़ने की वजह से एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी की संख्या भी आम दिनों की अपेक्षा बढ़ गई है। प्रतिदिन 10 मरीजों की एंजियोग्राफी हो रही है। वहीं, एसआरएन अस्पताल के हृदय रोग विभाग में वेड की संख्या सीमित होने की वजह से मरीजों को काफी परेशानी भी हो रही है। हृदय रोग विभाग में कुल 34 बेड हैं, इनमें 19 बेड आईसीयू के हैं। प्रतिदिन लगभग 25 हार्ट फेलियर और हार्ट अटैक के मरीज आईसीयू में भर्ती हो रहे हैं।
ऐसे करें बचाव
1- सर्दी से बचाव को परतों में कपड़े पहनें, खासकर टोपी और दस्ताने।
2 -रक्तचाप की नियमित जांच करें।
3 -योग, स्ट्रेचिंग और ट्रेडमिल पर चलने जैसे इनडोर व्यायाम करें।
4 -ओमेगा-3 फैटी एसिड, साबुत अनाज, फल और सब्जियां भोजन में शामिल करें व नमक, चीनी और वसा कम करें।
5- पर्याप्त पानी पिएं ताकि रक्त गाढ़ा होने से बचे।
6- मेडिटेशन और रिलैक्सेशन तकनीक अपनाएं।
7-फ्लू से बचाव के लिए टीकाकरण कराएं।
सर्दी के दिनों में हार्ट अटैक के मामलों में 40 फीसदी तक वृद्धि हुई है। इसके अलावा करीब 15 फीसदी मरीजों की मौत हार्ट फेलियर की वजह से हुई है। लोगों को सर्दी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। डॉ. मो. शाहिद, हृदय रोग विशेषज्ञ, एसआरएन अस्पताल
