वेनेजुएला के हालिया घटनाक्रम पर भारत ने गंभीर चिंता जाहिर करते हुए सभी पक्षों से शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लिए कूटनीति और बातचीत का सहारा लेने की अपील की। साथ ही, भारत ने वेनेजुएला की जनता की सुरक्षा और भलाई के प्रति अपना समर्थन दोहराया।
एक असाधारण घटनाक्रम में शनिवार को अमेरिका ने वेनेजुएला पर हमला कर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को हिरासत में ले लिया था। भारतीय विदेश मंत्रालय ने रविवार को कहा, वेनेजुएला में हाल के घटनाक्रम गहरी चिंता का विषय हैं। हम बदलते हालात पर नजर बनाए हुए हैं। भारत वेनेजुएला के लोगों की भलाई और सुरक्षा के लिए अपने समर्थन की पुष्टि करता है। हम सभी संबंधित पक्षों से अपील करते हैं कि वे बातचीत के जरिये शांतिपूर्ण तरीके से मुद्दों को सुलझाएं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहे। मंत्रालय ने यह भी कहा कि काराकस स्थित भारतीय दूतावास अपने समुदाय के लोगों के संपर्क में है। दूतावास भारतीय नागरिकों को सभी संभव सहायता देना जारी रखेगा।
वेनेजुएला की यात्रा से बचने की सलाह : विदेश मंत्रालय ने भारतीयों को वेनेजुएला की यात्रा से बचने की सलाह दी। मंत्रालय ने वेनेजुएला में रह रहे भारतीयों से सावधानी बरतने और दूतावास के संपर्क में रहने का आग्रह किया है।
