बेकेनहैम। लॉर्ड्स टेस्ट में हार के बाद एक बार फिर इन चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चौथे टेस्ट में खेलेंगे या उन्हें आराम दिया जाएगा, लेकिन इस बार भारतीय टीम प्रबंधन किसी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं है।
सीरीज में 1-2 से पिछड़ने के बाद टीम प्रबंधन ने बुमराह को 23 जुलाई से ओल्ड ट्रेफर्ड में शुरू हो रहे करो या मरो के मुकाबले चौथे टेस्ट में उतारने की तैयारी कर ली है। लीड्स टेस्ट में हारने के बाद बुमराह को एजबेस्टन टेस्ट में आराम दिया गया था, लेकिन मैनचेस्टर में इस तेज गेंदबाज को आराम देना भारतीय टीम के लिए खतरे की घंटी हो सकता है। यहां हारने पर भारतीय टीम के हाथ से सीरीज जाएगी।
ऐसे में पांचवें टेस्ट में उन्हें उतारने का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। गेंदबाजी कार्यभार प्रबंधन के चलते बुमराह को पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के तीन टेस्ट में उतारने का फैसला लिया गया था। बुमराह दो टेस्ट खेल चुके हैं और उन्हें बाकी बचे दो टेस्ट में से एक ही खेलना है। भारतीय टीम के सहायक कोच रेयान टेन डोशेट ने कहा कि यह स्पष्ट है कि मैनचेस्टर में सीरीज निर्णायक स्थिति में है, इस लिए हमारा झुकाव यहां बुमराह को उतारने पर है। हालांकि उन्हें खिलाने पर फैसला अंतिम क्षणों में लिया जाएगा।
