प्रयागराज। जॉर्जटाउन थाना क्षेत्र की एलआईसी कॉलोनी में सोमवार शाम जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर अनुराग कुमार पर आधा दर्जन अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस ने किसी हमलावर को गिरफ्तार नहीं किया तो मंगलवार की रात रात एसआरएन अस्पताल के जूनियर डॉक्टर ट्रामा सेंटर के बाहर हड़ताल पर बैठ गए। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक आपातकालीन सेवाओं का भी बहिष्कार किया जाएगा।
हरियाणा के फरीदाबाद निवासी डॉ. अनुराग ने बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजे उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि उनके नाम से पार्सल आया है और कॉलोनी के नीचे से ले लें। जैसे ही वह नीचे पहुंचे तो एक युवक सामने मिला। उससे पार्सल के संबंध में पूछताछ कर रहे थे तभी पीछे से करीब आधा दर्जन लोग आ धमके और हमला बोल दिया। हमलावरों ने उनका सिर लोहे के गेट से भिड़ा दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद डॉ. अनुराग ने जॉर्जटाउन थाने में तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि हमलावरों की तलाश सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स के आधार पर की जा रही है। नंबर से उनकी लोकेशन कौशाम्बी में मिली है। एक टीम वहां के लिए रवाना कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दूसरी ओर घटना से नाराज जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल शुरू कर दी। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वह कार्य का बहिष्कार करेंगे। इससेइमरजेंसी में भी मरीजों और तीमारदारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
