प्रयागराज। यूपी बोर्ड की सोमवार को हुई इंटरमीडिएट के विषय गणित व जीव विज्ञान की परीक्षा एक लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने छोड़ दी। इस दौरान कन्नौज में पांच फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़ा गया, जिनके खिलाफ माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से एफआईआर दर्ज करा दी गई है। एक परीक्षार्थी को नकल करते हुए भी पकड़ा गया।
यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि औरैया के एक परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों को नकल कराए जाने के प्रयास में प्रबंधक, केंद्र व्यवस्थापक एवं लिपिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। सोमवार को आयोजित परीक्षा के लिए कुल 24,01,586 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
इनमें से 22,36,840 परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थित दर्ज कराई और 1,64,846 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में हाईस्कूल के विषय संस्कृत और इंटरमीडिएट के विषय जीव विज्ञान व गणित के लिए कुल 19,24,493 * परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 17,96,078 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 1,28,865 ने परीक्षा छोड़ दी।
वहीं, दूसरी पाली में हुई हाईस्कूल के विषय संगीत वादन और इंटरमीडिएट के विषय चित्रकला (आलखेन), चित्रकला (प्राविधिक) व रंजनकला के लिए पंजीकृत 4,76,643 परीक्षार्थियों में से 4,40,762 उपस्थित व 35,881 अनुपस्थित रहे।
