वॉशिंगटन। अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने एक बड़ी जैविक आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए एक चीनी वैज्ञानिक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मिशिगन यूनिवर्सिटी में शोध कर रही वैज्ञानिक युनकिंग जियान छिपाकर अमेरिका में खतरनाक जैविक फंगस फुसेरियम ग्रेमिनिएरम लेकर आईं। यह फंगस गेहूं, चावल, मक्का और जौ में हेड ब्लाइट रोग फैलाता है। इससे विषाक्त द्रव्य निकलता है जिससे हर साल अरबों डॉलर की फसल बर्बाद होती है।
फंगस से प्रभावित फसल के सेवन से मनुष्यों और पशुओं की सेहत को भी नुकसान होता है। एफबीआई की जांच के बाद अमेरिकी अटॉर्नी जेरोम गोर्गन जूनियर ने कहा कि जियान चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) के लिए काम करती है और उसे चीन सरकार से फंडिंग भी मिलती है।
जियान का बॉयफ्रेंड जुन योंग लियू भी इस साजिश में शामिल है। वही इस फंगस को अमेरिका लाया था। लियू भी पहले मिशिगन यूनिवर्सिटी की लैब में काम करता था, फिलहाल वह चीनी विश्वविद्यालय में कार्यरत है। अमेरिकी न्याय विभाग ने 33 वर्षीय युनकिंग जियान और 34 वर्षीय जुन योंग लियू पर आपराधिक साजिश, अवैध सामान की तस्करी, झूठे बयान, वीजा धोखाधड़ी समेत अन्य मामले दर्ज किए हैं। जियान को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया गया। उन्हें फिलहाल जेल भेजा गया है, अदालत बृहस्पतिवार को उनकी जमानत पर सुनवाई करेगी।
