नई दिल्ली। भारत दौरे पर आए ऑस्ट्रेलिया के उपप्रधानमंत्री व रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी और रक्षा सहयोग समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मार्लेस ने सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में ऑस्ट्रेलिया के पूर्ण समर्थन की बात दोहराई।
मार्लेस ने पीएम मोदी से कहा कि ऑस्ट्रेलिया आतंकवाद के सभी प्रारूपों के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ खड़ा है। आतंकवाद के खिलाफ दोनों देश मिलकर काम करना जारी रखेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने संघीय चुनावों में लेबर पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज को बधाई दी। पीएम मोदी और मार्लेस ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी की पांचवीं पर विचार-विमर्श किया।
