संगम नगरी के रेल नेटवर्क में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। प्रयागराज जंक्शन के सेटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित हो चुके सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन को अब एक बड़े ‘पार्सल हब’ के रूप में तब्दील करने की तैयारी पूरी हो चुकी है। उत्तर मध्य रेलवे (NCR) के इस कदम से न केवल जंक्शन पर भीड़ का दबाव कम होगा, बल्कि व्यापारियों और आम जनता को सामान भेजने के लिए एक बेहतरीन नया विकल्प भी मिलेगा।
फरवरी में आवंटित होगा टेंडर : रेलवे प्रशासन ने इस दिशा में तेजी से कदम बढ़ाते हुए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग का लक्ष्य है कि दो फरवरी महीने के भीतर ही टेंडर आवंटित कर दिया जाए, ताकि निर्माण और सुविधाओं के विस्तार का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू हो सके। सूबेदारगंज को पार्सल हब बनाने का मुख्य उद्देश्य प्रयागराज जंक्शन पर होने वाली अफरा-तफरी को नियंत्रित करना और माल ढुलाई की प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाना है।
