भले ही आप पांच मिनट देरी से पहुंचे पर गाड़ी हमेशा धीरे ही चलाना चाहिए, क्योंकि कई बार जल्दबाजी हमारे लिए घातक बन जाती है। ऐसा करने से सड़क पर हम खुद भी और दूसरों को भी सुरक्षित रख सकेंगे। पुलिस की पाठशाला में नवनियुक्त आईपीएस अफसर ईश्वर लाल गुर्जर ने विद्यार्थियों को जागरूक किया।
केपी इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को आयोजित पुलिस की पाठशाला में ईश्वर लाल गुर्जर ने नियमों का पाठ पढ़ाने के साथ ही साइबर व महिला अपराध को लेकर भी छात्र-छात्राओं को जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि देश में हर वर्ष डेढ़ लाख से अधिक लोगों की सड़क हादसे में मौत हो जाती है। इसलिए अगर आप बाइक व स्कूटी चलाते हैं तो हेलमेट जरूर पहनें। साथ ही दोस्तों और परिजनों को भी इसके लिए जरूर प्रेरित करें। यदि कार में आगे या फिर पीछे बैठ रहे हैं तो सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें।
पुलिस की पाठशाला में 300 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। छात्राएं बिना डरे पुलिस को करें सूचित गुर्जर ने कहा कि किसी तरह का अपराध होने पर छात्राएं बिना डरे तुरंत थाने या फिर डायल-112 पर सूचना दें। वहीं, केपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेंद्र सिंह ने कहा कि अपराध होने पर विद्यार्थी अभिभावक, शिक्षक या पुलिस को जरूर बताएं। इस दौरान शारीरिक शिक्षक/प्रवक्ता उमेश खरे, प्रवक्ता राकेश कुमार, नितिन पटेल, ओपी सिंह आदि मौजूद रहे।
