टोक्यो। रूस के सुदूर पूर्व में बुधवार तड़के आए 8.8 तीव्रता के अब तक के सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक के कारण जापान, हवाई और अमेरिका के पश्चिमी तट पर सुनामी की ऊंची लहरें उठीं। इसे दुनिया का अब तक का छठां सबसे बड़ा भूकंप कहा जा रहा है। भूकंप के बाद तटीय इलाकों में 4 मीटर तक ऊंची लहरें उठीं। लोगों को तटीय इलाकों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है क्योंकि खतरा अभी एक-दो दिन और रह सकता है। अधिकारियों ने कहा यह भूकंप मार्च 2011 के बाद दुनिया में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप प्रतीत होता है।
बुधवार को रूस में कामचटका प्रायद्वीप पर 8.8 तीव्रता वाले भूकंप के केंद्र के पास स्थित बंदरगाहों में पानी भरने के बाद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया। हवाई प्रांत की राजधानी में सड़कों-राजमार्गों पर जाम लग गया। उत्तरी जापान में झागदार, सफेद लहरें तट तक आ गईं। जापान में लोग 2011 के भूकंप और सुनामी की बुरी यादों के बीच निकासी केंद्रों की ओर भागे। यहां फुकुशिमा परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर निगरानी रखी, लेकिन इनके संचालन में कोई गड़बड़ी नहीं आई। रूस में कई लोगों के घायल होने की खबर है लेकिन उसने संख्या उजागर नहीं की। जापान में सिर्फ एक के घायल होने के समचार हैं। समुद्र तटों व बंदरगाहों पर बाढ़ की चेतावनी दी गई है।
