प्रयागराज। महाकुंभ मेला संपन्न होने के बाद अब जीरो रोड बस स्टेशन के पुनः विकास का कार्य शुरू होगा। ग्लास फेस्ड डिजाइन पर जीरो रोड बस टर्मिनल की मुख्य इमारत तैयार होगी। यूपी रोडवेज के इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की डिजाइन फाइनल होने के बाद स्वीकृत दे दी गई है। इस बहुमंजिला बस स्टेशन का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की तैयारी है।
जीरो रोड बस स्टेशन के पुनः विकास का कार्य डीजीएस ग्रुप को सौंपा गया है। एयरपोर्ट सरीखी सुविधाएं इस बस स्टेशन पर मुहैया कराई जानी हैं। इस मेगा प्रोजेक्ट की डिजाइन अभी हाल ही में फाइनल की गई है। फिलहाल बस स्टेशन परिसर में नई इमारत के निर्माण के लिए मिट्टी परीक्षण का कार्य शुरू हो चुका है।
यहां बनाए जाने वाला टर्मिनल तमाम सुविधाओं से लैस होगा। ‘विरासत भी विकास भी’ थीम पर इस टर्मिनल का पुनर्विकास होगा। अफसरों का कहना है कि बस स्टेशन की मुख्य इमारत भव्य आर्किटेक्चर और ग्लॉस फेस्ड डिजाइन की होगी, जो संगम नगरी की आधुनिकता का प्रतीक बनेगी। यहां यात्रियों के लिए फूड कोर्ट, वेटिंग लाउंज, डिजिटल डिस्प्ले जैसी सुविधाएं रहेंगी।
पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता रखते हुए बस टर्मिनल ग्रीन बिल्डिंग के स्ट्रक्चर पर आधारित होगा। यहां महिलाओं, बच्चों एवं दिव्यांगजनों के लिए भी तमाम सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस बहुमंजिला इमारत में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, यात्री विश्रामालय आदि की भी सुविधाएं मिलेंगी।
यहां बसों के खड़े होने के लिए आधुनिक शेड भी बनाया जाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधक एमके त्रिवेदी ने कहा कि जीरो रोड बस स्टेशन के पुनः विकास का कार्य जल्द ही शुरू होगा।
