प्रयागराज । जनपदीय अग्निशमन विभाग अब बहुमंजिला इमारतों में होने वाली अग्नि दुर्घटनाओं में दोगुनी रफ्तार से आग बुझा सकेगा। 14 मंजिल तक के भवनों में पलक झपकते ही राहत कार्य शुरू किया जा सकेगा। विभाग अब आठ करोड़ की लागत वाली दो हाइड्रोलिक फायर फाइटिंग प्लेटफॉर्म से लैस हो गया है।
शहर में बहुमंजिला इमारतों की संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। ऐसी इमारतों में अग्नि दुर्घटना की दशा में राहत कार्य बेहद कठिन हो जाता है। क्योंकि, सीढ़ियों से होकर ऊपरी तलों पर पहुंचना कठिन होता है। अग्नि दुर्घटना की दशा में बिजली आपूर्ति भी बाधित कर दी जाती है। इसी को देखते हुए 2022 में एक हाइड्रोलिक फायर फाइटिंग प्लेटफॉर्म मंगाया गया। हालांकि, कुछ दिनों बाद ही यह खराब हो गया और फिर लंबे समय तक यह बन नहीं पाया।
हाल ही में फायर ब्रिगेड को एक और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म मशीन आवंटित हो गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव पांडेय ने बताया कि पुराना प्लेटफॉर्म भी रिपेयर कराया जा चुका है।
