वाशिंगटन। इस्राइल-ईरान युद्ध में अमेरिका भी कूद पड़ा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के आसमान पर हमारा पूरी तरह कब्जा है। ईरान के पास अच्छे हथियार हैं, लेकिन अमेरिकी हथियारों से उनका कोई मुकाबला नहीं है। ट्रंप ने कहा, हमें यह भी पता है कि ईरान के सुप्रीम नेता अयातुल्ला अली खामनेई कहां छिपे हैं, लेकिन हम अभी उन्हें मारेंगे नहीं। उन्होंने ईरान से बिना शर्त आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। इससे माना जा रहा है कि इस्राइल-ईरान जंग में अमेरिका सीधे तौर पर शामिल हो गया है।
बढ़ते संघर्ष के बीच ट्रंप कनाडा में जी-7 की बैठक बीच में छोड़कर वाशिंगटन लौट आए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया मंच टूथ पर लिखा, हम जानते हैं कि तथाकथित सर्वोच्च नेता कहां छिपे हैं। वह आसान लक्ष्य हैं, लेकिन वह सुरक्षित हैं। हम उन्हें मार नहीं सकते, कम से कम अभी तो नहीं। हम नहीं चाहते कि मिसाइलें नागरिकों या सैनिकों पर दागी जाएं। हमारा धैर्य खत्म होता जा रहा है।
ट्रंप ने कहा, ईरान के पास बहुत सारे अच्छे स्काई ट्रैकर और रक्षात्मक उपकरण हैं, पर हथियारों के मामले में अमेरिका से बेहतर कोई नहीं है। गौरतलब है कि ट्रंप के साथ ही अमेरिकी विदेश मंत्री माइक रूबियो सोमवार तक कहते रहे हैं कि ईरान-इस्राइल संघर्ष में उनकी कोई भागीदारी नहीं है।
