लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आगामी त्योहारों के तहत विशेष सतर्कता बरती जाए। धार्मिक स्थलों पर महिला पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती की जाए। परंपरा के विरुद्ध कोई भी कार्य न किया जाए। अराजकता फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि अलविदा की नमाज के दौरान सतर्क रहें। शरारतपूर्ण बयान जारी करने वालों के साथ कड़ाई से पेश आएं। सीएम ने रविवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान ये निर्देश दिए।
सीएम ने इस दौरान प्रदेश सरकार के 8 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सभी जिलों में तीन दिवसीय जनपदीय विकास उत्सव आयोजित किए जाने के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार में शासन द्वारा सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। स्थानीय जरूरतों का ध्यान रखा जाए। ईद पर साफ-सफाई, स्वच्छता व पेयजल की व्यवस्था रहे। धार्मिक कृत्यों से सड़क मार्ग बाधित न हो। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करें। सोशल मीडिया को लेकर अलर्ट रहें। पीस कमेटी की बैठकें कर लें। शांति और सौहार्द के लिए मीडिया का सहयोग लें। थाना से लेकर जोन एवं मंडल स्तर के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के धर्मगुरुओं, समाज के अन्य प्रतिष्ठित जनों के साथ संवाद बनाएं। छोटी सी अफवाह माहौल बिगाड़ सकती है। गो-तस्करी आदि अपराध से जुड़े संदिग्धों पर नजर रखें। स्वास्थ्य सहित सभी तरह की आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट मोड में रखा जाए।
