प्रयागराज। सीएम योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रयागराज-मिर्जापुर मंडल के सांसद, विधायकों व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में संगम नगरी को कई सौगात दे सकते हैं। इसमें 13 आरओबी-फ्लाईओवर, पीडब्ल्यूडी की करीब 60 सड़क, गंगा-यमुना पर पांच पुल और 10 बिजली उपकेंद्र आदि शामिल हैं।
वहीं, फूलपुर नगरपालिका, कौंधियारा, बरौत और सोरांव नगर पंचायत की मंजूरी मिल सकती है। महाकुंभ के बाद यह प्रयागराज के लिए सबसे बड़ी सौगात मानी जा रही है। सोमवार देर रात तक लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, विद्युत और विकास विभाग के अधिकारी प्रस्ताव तैयार करने में जुटे रहे।
सूत्रों के मुताबिक, सांसद और विधायकों से वार्ता के बाद विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम के अधिकारी प्रस्ताव को अंतिम रूप दे रहे हैं।
