नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सरकार की ओर से नागरिकों की मुफ्त स्वास्थ्य जांच के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी देने के साथ सांसदों को अपनी सेहत का ख्याल रखने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा, यहां कई सदस्य हैं, जो ओवरवेट हैं। हमें सबके स्वास्थ्य की चिंता है। साल में एकबार संपूर्ण स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्रालय तैयार बैठा है।
नड्डा शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक सवाल का जवाब दे रहे थे। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंत्री से कहा, आप तो सदस्यों से कहें कि क्षेत्र की जनता की स्वास्थ्य जांच कराएं। स्वास्थ्य मंत्री ने सांसदों से अपील की कि वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र के नागरिकों को साल में एक बार संपूर्ण स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करें। साथ ही कहा, जनता की जांच तो जरूरी है ही, सदस्यों को भी अपनी मेडिकल जांच करानी चाहिए। सरकार ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर में 30 साल से अधिक उम्र के सभी नागरिकों की स्वास्थ्य जांच अभियान शुरू किया है। मुफ्त जांच का उद्देश्य उच्च रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर का पता लगाना है।
