लखनऊ। करीब दो महीने की माथापच्ची के बाद प्रदेश भाजपा ने पहले चरण में 98 में से 70 जिला इकाइयों के जिला और महानगर अध्यक्षों के नाम रविवार को घोषित कर दिए। इसमें 45 जिलों में नए चेहरे को मौका दिया गया है, जबकि 25 जिलों में मौजूदा जिलाध्यक्षों को ही दोबारा मौका मिला है। पहली सूची में 27 ओबीसी, 6 अनुसूचित जाति (एसी) और 37 स्रामान्य वर्ग के लोग शामिल हैं।
सभी जिला चुनाव अधिकारियों ने रविवार को अपने-अपने जिलों में सूची जारी की। प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में जिलाध्यक्षों की सूची जारी करने की जानकारी देते हुए बताया कि बूथ और मंडल स्तरीय चुनाव के बाद जनवरी के दूसरे सप्ताह में जिलाध्यक्षों के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू की गई थी।
हर स्तर पर विचार-विमर्श के बाद 70 जिलों के जिला व महानगर अध्यक्ष घोषित किए गए हैं। उपचुनावों के कारण 11 जिलों में संगठन चुनाव फरवरी महीने के अंत में कराए गए थे, जिसके कारण लगभग 28 जिलाध्यक्षों की घोषणा करीब एक सप्ताह बाद दूसरे चरण में होगी।
डॉ. पांडेय ने बताया कि जिलाध्यक्षों के चयन में सबका साथ-सबका विकास की परिभाषा को साकार करते हुए सामाजिक समीकरणों का भी विशेष ध्यान रखा गया है ।
