कानपुर/काराकाट। आतंकवाद के प्रायोजक पाकिस्तान को सख्त चेतावनी देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत हर आतंकी हमले का कड़ा जवाब देगा। भारत राज्य और गैर-राज्य प्रायोजित आतंकवाद में अंतर नहीं करेगा और कनपुरिया अंदाज में कहें तो… दुश्मन कहीं भी हो, उसे हाँक दिया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा, दुनिया ने मेक इन इंडिया और इसके हथियारों की ताकत देखी है। ब्रह्मोस मिसाइल ने जिस तरह तबाही मचाई, उससे पाकिस्तान की नींद उड़ गई। साथ ही कहा, आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई थमी नहीं है। अगर आतंक ने फन उठाया, तो उसे फिर कुचल दिया जाएगा। पीएम मोदी शुक्रवार को कानपुर में मेट्रो समेत यूपी की 47,600 करोड़ रुपये और बिहार के काराकाट में 48,520 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। कानपुर की सभा में उन्होंने कहा, भारत परमाणु बम की खोखली धमकियों से नहीं डरेगा और इसके आधार पर कोई निर्णय नहीं करेगा। भारत आतंकवाद के आका और उसे प्रायोजित करने वाली सरकार को एक ही नजर से देखेगा। पाकिस्तान के सरकारी और गैर-सरकारी तत्वों का खेल अब नहीं चलेगा।
