कानपुर। आपरेशन सिंदूर अभी जारी है। आतंक के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। ये बात शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम हमले में शहीद शुभम द्विवेदी के परिजनों से मुलाकात के दौरान ढाढ़स बंधाते हुए कही। प्रधानमंत्री ने एयरफोर्स स्टेशन में आते ही पहलगाम हमले में मृत शुभम द्विवेदी के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उनके पिता संजय द्विवेदी, मां सीमा, पत्नी ऐशान्यां भी मौजूद रहीं। यह मुलाकात भावुक माहौल में हुई, जहां प्रधानमंत्री ने शहीद के परिवार को ढांढस बंधाया और उनके साहस व बलिदान को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री ने ऐशान्या से बातचीत के दौरान उनका हालचाल जाना और कहा कि देश को आपके पति पर गर्व है, उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। सरकार आपके साथ है। उन्होंने घटना पर दुःख भी जताया। मुलाकात के वक्त माहौल गमगीन हो गया और मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। परिजनों नेप्रधानमंत्री का आभार जताया और अपनी बात साझा की। शहीद शुभम की पत्नी ने प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद रुंधे हुए स्वर में बात साझा की। बताया, प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरानऐसा लगा जैसे किसी बड़े ने सिर पर हाथ रख दिया हो… प्रधानमंत्री से बात करके मैं बहुत भावुक हो गई। इस मुलाकात को उन्होंने एक आत्मीय और संबल देने वाला क्षण बताया।
