प्रयागराज। प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बाद प्रयागराज सूबे का दूसरा ऐसा शहर होगा, जहां डबल डेकर ई-बसों का संचालन होगा। अगले माह प्रयागराज की सड़कों पर डबल डेकर ई-बसें दौड़ती दिख जाएंगी। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। डबल डेकर ई-बसों के रूटों का भी निर्धारण हो गया है। यहां दो रूट पर इन बसों के संचालन की तैयारी है।दरअसल, प्रयागराज में लगे महाकुंभ के दौरान ही यहां दो डबल डेकर ई-बसें मुख्यालय से भेजी गई थीं। इन बसों का संचालन महाकुंभ केदौरान ही होना था, लेकिन संगम नगरी में कई रेल अंडरब्रिज की कम ऊंचाई होने की वजह से इन बसों के रूटों का निर्धारण नहीं हो पा रहा था। इस वजह से दोनों ई-बसें बीते दो माह से राजापुर स्थित प्रयाग डिपो की वर्कशॉप में ही खड़ी हैं। उधर, इन बसों के प्रयागराज आगमन के बाद यूपी रोडवेज प्रशासन ने उन मार्गों का सर्वे किया, जहां इन बसों के संचालन में दिक्कत न आए तमाम मार्गों का सर्वे करने के बाद दो रूटों का अब निर्धारण किया गया है। इसमें एक प्रयागराज एयरपोर्ट से सिविल लाइंस बस स्टेशन और दूसरा गोविंदपुर से प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन तक है। इन दोनों मार्गों पर एक भी रेल अंडरब्रिज नहीं है। एयरपोर्ट से चलने वाली डबल डेकर ई-बस झलवा, चौफटका रेल ओवरब्रिज, हाईकोर्ट फ्लाईओवर से सिविल लाइंस विवेकानंद मूर्ति चौराहा, लोक सेवा आयोग चौराहा, स्टैनली रोड होते हुए सिविल लाइंसबस स्टेशन पहुंचेंगी गोविंदपुर से चलने वाली बस एमएनएनआईटी रेल ओवरब्रिज, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, बालसन चौराहा, रामबाग ओवरब्रिज, बैरहना, नया यमुना पुल, नैनी होते हुए प्रयागराज छिवकी स्टेशन पहुंचेगी। यूपी रोडवेज प्रयागराज रीजन के सेवा प्रबंधक रविंद्र वर्मा का कहना है कि चार्जिंग स्टेशन तैयार हो रहा है। अगले माह इन बसों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
