नई दिल्ली। दुनियाभर में अमेरिका के साथ टैरिफ चिंताओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप प्रशासन में मजबूत प्रभाव रखने वाले टेस्ला व स्पेसएक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क से फोन पर बातचीत की।
प्रौद्योगिकी और इनोवेशन के क्षेत्रों में दोनों ने सहयोग की अपार संभावनाओं पर चर्चा की। बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब टेस्ला भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों के बाजार में कदम रखने की तैयारी कर रही है। मस्क ने पीएम मोदी के इस साल फरवरी में अमेरिका के दो दिवसीय दौरे के दौरान उनसे मुलाकात की थी। पीएम मोदी ने मस्क से बातचीत के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मस्क से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इसमें साल की शुरुआत में वाशिंगटन डीसी में हमारी बैठक में शामिल किए गए मुद्दे भी शामिल थे। पीएम मोदी ने कहा कि भारत प्रौद्योगिकी और इनोवेशन के क्षेत्र में अमेरिका के साथ अपनी साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
