प्रयागराज के संगम तट पर लगे माघ मेले में एक बार फिर अपनी खास और अनोखी वेशभूषा के लिए मशहूर गूगल गोल्डन बाबा मनोजानंद महाराज ने दस्तक दी है। पूरे शरीर पर सोने के आभूषण, अनोखा अंदाज और बेबाक बयानों के चलते गूगल गोल्डन बाबा एक बार फिर सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं।
माघ मेले में पहुंचने के बाद गूगल गोल्डन बाबा ने जगतगुरु संतोष दास को लेकर भी बयान दिया है। उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि कार और सेल्फी का प्रचार छोड़कर सिर्फ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रचार किया जाना चाहिए। बाबा का कहना है कि साधु-संतों को भौतिक चीजों से दूर रहकर राष्ट्र और धर्म के हित में काम करना चाहिए।
गूगल गोल्डन बाबा मनोजानंद महाराज ने यह भी कहा कि उनका संकल्प है कि योगी आदित्यनाथ को देश का प्रधानमंत्री बनाया जाए, और इसके लिए वह लगातार जन-जागरण कर रहे हैं। माघ मेले में बाबा के इन बयानों की वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
माघ मेला जहां आस्था और साधना का केंद्र है, वहीं गूगल गोल्डन बाबा जैसे अनोखे साधु अपनी अलग पहचान और बयानों के कारण मेले में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
