प्रयागराज। होली के बाद अब बाजारों में ईद के साथ ही चैत्र नवरात्रि के लिए भी तैयारियों शुरू हो गई हैं। जल्द ही बाजार नवरात्रि के दौरान उपयोग में आने वाली सभी पूजन सामग्री से सज जाएंगे। इसके लिए प्रयागराज के सभी प्रमुख बाजारों में दुकानदार अपने-अपने तरीके से सामग्री जुटा रहे हैं।
कोई खुद जाकर सामग्री ला रहा है तो कोई किसी अन्य के जरिए सामग्री पहुंचने की बात कह रहा है। वहीं, नवरात्रि में मां दुर्गा को अर्पित किया जाने वाला जूट का नारियल इस बार भी आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु से आएगा। दुकानदारों को चैत्र नवरात्रि के दौरान इस बार पिछली साल की ही तरह करीब 10 करोड़ रुपये के नारियल की बिक्री की उम्मीद है।
हरिश चंद्र, रमेश चंद्र एंड संस के पूजा पांडेय हाट के मालिक विजय मिश्र ने बताया कि पिछले कुछ साल के दौरान थोक व्यापार का ट्रेंड थोड़ा बदल गया है। पहले थोक विक्रेता प्रयागराज में कम थे। लेकिन, अब उनकी संख्या बढ़ गई है।
इससे पहले के मुकाबले बिक्री कम हुई है। पिछली बार हम 8-10 लाख की बिक्री कर सके थे। उम्मीद है कि इस बार इससे बेहतर कारोबार कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि हम आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु की कुछ खास जगहों से ही नारियल मंगवाते हैं। इससे नवरात्रि के दौरान हमारे नारियल की डिमांड प्रयागराज और आस-पास के जिलों में काफी अधिक रहती है। साथ ही कहा, नवरात्रि के दौरान मांग बढ़ने के साथ ही नारियल की कीमत बढ़ने लगती है। हमें भी बड़ी मुश्किल से नारियल उपलब्ध हो पाता है।
