इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सिंध प्रांत में हिंदू मंत्री खील दास कोहिस्तानी पर हमला किया गया। मंत्री पर यह हमला नई शहरों की योजना के खिलाफ रैली निकालने वाले प्रदर्शनकारियों ने किया। पुलिस ने इस मामले में सिंध तरक्की-पसंद पार्टी (एसटीपी) के नेता सैयद जलाल शाह को गिरफ्तार किया है। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के सांसद और धार्मिक मामलों के राज्य मंत्री खील दास को शनिवार को तब निशाना बनाया गया, जब वह थट्टा जिले से गुजर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने उनके काफिले पर पथराव करने के अलावा टमाटर व आलू भी फेंके।हालांकि, हमले में कोहिस्तानी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। रेडियो पाकिस्तान के मुताबिक, पीएम शहबाज शरीफ ने कोहिस्तानी को फोन कर घटना की जांच का भरोसा दिया। उन्होंने कहा, जन प्रतिनिधियों पर हमला अस्वीकार्य है। घटना में शामिल लोगों को कड़ी सजा दी जाएगी। सूचना मंत्री अता तरार ने इस मामले में सिंध के पुलिस महानिरीक्षक गुलाम नबी मेमन से घटना का ब्योरा मांगा है।
