प्रयागराज। हंडिया में दिनदहाड़े एलआईसी एजेंट व मेडिकल स्टोर संचालक अब्दुल कलाम आजाद की हत्या के मामले में पुलिस ने गिर्दकोर्ट निवासी मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह (23), आदित्य सिंह (21) और एक नाबालिग को पकड़ लिया है। पेट्रोल पंप संचालक का बेटा व मुख्य साजिशकर्ता शिवा सिंह समेत तीन आरोपी फरार हैं। तीनों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। प्रेम प्रसंग के चलते अब्दुल की हत्या की गई थी।
डीसीपी गंगापार कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि अब्दुल कलाम की हत्या के बाद सीसीटीवी फुटेज से बाइक सवार बदमाशों की पहचान कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में पता चला अभिषेक का अब्दुल कलाम की बेटी से प्रेम प्रसंग था। पिता को यह बात नागवार गुजरी जिससे दोनों के बीच दुश्मनी हो गई।
अभिषेक ने अपने दोस्त शिवा सिंह को यह बात बताई तो उसने अब्दुल को मरवाने की साजिश रची। इसके बाद शिवा ने अपने तीन दोस्तों को पांच हजार रुपये देकर अब्दुल को मारने का प्लान बनाया। पिछले दो माह से रेकी की जा रही थी।
28 जुलाई को मौका मिलने पर छह आरोपियों ने हंडिया के धनंजैया नहर पुलिया के पास अब्दुल को पकड़कर बैट व स्टंप से पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद सभी मौके से फरार हो गए। लेकिन इनकी बाइक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
