प्रयागराज। गंगा और यमुना नदियां एक बार फिर उफान पर हैं। बृहस्पतिवार को बाढ़ का पानी बस्तियों में घुस गया। इसी के साथ बेघर हुए लोगों के लिए राहत शिविर भी शुरू हो गए। चिंता की बात यह है कि अभी दो-तीन दिनों तक दोनों नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी जारी रहने के आसार हैं।
दोनों नदियों का जलस्तर बृहस्पतिवार की सुबह 82.50 मीटर पार हो गया। इसी के साथ कछार के निचले इलाके की बस्तियों में पानी घुस गया। बघाड़ा, शिवालय पार्क, अमिताभ बच्चन पुलिया, सलोरी, शिवकुटी, बेली कछार, राजापुर, नेवादा, अशोक नगर आदि मोहल्लों के कछारी इलाकों की सड़कों पर पानी भर गया है। इन क्षेत्रों के नालों व नालियों से बाढ़ का पानी बस्तियों में फैलने लगा है।
मुश्किल यह कि दोनों नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी का सिलसिला. जारी है। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से राहत शिविर खोल दिए गए हैं। कैंट गेस्ट हाउस में बृहस्पतिवार सुबह ही पांच परिवार पहुंच गए। शाम तक एक दर्जन से अधिक परिवार यहां पहुंचे। यही स्थिति बघाड़ा स्थित एनी बेसेंट स्कूल की भी रही। यहां भी बाढ़ पीड़ितों के आने का क्रम सुबह ही शुरू हो गया।
