पाकिस्तान से तनाव के बीच वायुसेना ने शुक्रवार को निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर अपना पराक्रम दिखाया। आसमान का सीना चीरते हुए वायुसेना के राफेल, सुखोई-30, जगुआर, मिग-29, मिराज-2000, एएन-32 और सुपर हरक्यूलिस विमानों ने जैसे ही गंगा एक्सप्रेसवे पर जलालाबाद के पीरू गांव के पास बनी हवाई पट्टी को चूमा, वायुसेना के इतिहास में गौरव का एक और अध्याय जुड़ गया।
अब भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है, जो आपात स्थिति में हाईवे पर दिन व रात में लड़ाकू विमान उतारने और उड़ाने की क्षमता रखते हैं। इस दौरान सेना के हेलिकॉप्टरों ने भी प्रदर्शन किया। लड़ाकू विमानों की गर्जना ने लोगों के दिलों में रोमांच पैदा कर दिया। बरेली के त्रिशूल एयरबेस से उड़ान भरने के बाद वायुसेना के विमान गंगा एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी पर टच एंड गो करते रहे। एमआई-17 और वी-5 हेलिकॉप्टर से जवानों ने रस्सी के सहारे नीचे उतरने का अभ्यास किया ।
