केंद्र सरकार द्वारा जातीय जनगणना कराए जाने की घोषणा करने पर अपना दल (एस) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया। शुक्रवार को राजधानी के गांधी भवन सभागार में आयोजित पार्टी की मासिक समीक्षा बैठक में पार्टी अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि हमारी पार्टी ओबीसी मंत्रालय की स्थापना की मांग लगातार कर रही है। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि यह मांग भी जल्द पूरी होगी।
अनुप्रिया ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जातिगत जनगणना कराने का फैसला लेने के बाद इसका श्रेय लेने की होड़ मची है। विपक्ष के इंडी गठबंधन वाले दलों के पास कई बार सत्ता रही। तमाम क्षेत्रीय दल सरकारों में शामिल रहे। कई बार इसे लागू करने का मौका था, लेकिन उनके लिए पिछड़ा समाज सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए था। वहीं पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने और जातीय जनगणना के फायदों के बारे में समाज को जागृत करने को कहा। कहा कि जब जातियों के सही आंकड़े केंद्र सरकार के पास होंगे तो नीतियों की निर्धारण सही तरीके से होगा। कमजोरों की सरकार मदद करेगी।
