लीड्स। मैन ऑफ द मैच ओपनर बेन डकेट (149) और जैक क्राउली (65) के बीच 188 रन की रिकॉर्ड साझेदारी से इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में पांच विकेट से जीत हासिल की। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के तहत पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला में मेजबान टीम को 1-0 की लीड (बढ़त) मिल गई है। अंतिम दिन इंग्लैंड को 350 रन की जरूरत थी। इंग्लैंड को 371 रन का लक्ष्य मिला और अंतिम सत्र में जो रूट (नाबाद 53), जेमी स्मिथ (नाबाद 44) की मदद से टीम ने 82 ओवरों में 5 विकेट पर 373 रन बनाकर जीत अपने नाम कर ली। स्मिथ ने छक्का मारकर जीत दिलाई। रूट और स्मिथ के बीच 71 रन की अटूट साझेदारी हुई।
इंग्लैंड ने अंतिम दिन बिना विकेट पर 21 रन से शुरुआत की थी। बादलों के बीच ऐसा लग रहा था कि भारतीय गेंदबाज इंग्लैंड को बैकफुट पर ला देंगे लेकिन डकेट और क्राउली के आगे पहले सत्र में भारत विकेट के लिए तरस गया। भारतीय आक्रमण की धार जसप्रीत बुमराह ने शुरुआत में अच्छे प्रयास किए लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अपेक्षित मदद नहीं मिल सकी। पहले सत्र में सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और शार्दुल ठाकुर कोई प्रभाव नहीं छोड़ सके। बल्कि उनकी दिशाहीन गेंदबाजी से इंग्लैंड की सलामी जोड़ी को क्रीज पर जमने का मौका मिल गया। डकेट और क्राउली ने पहले विकेट के लिए 188 रन की साझेदारी की जोकि चौथी पारी में सलामी जोड़ी की 5वीं श्रेष्ठ साझेदारी है यह घरेलू टेस्ट की चौथी पारी में इंग्लैंड की श्रेष्ठ साझेदारी है। 1977 में बायकाट और ब्रेयरली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नॉटिंघम में 154 रन जोड़े थे।
