मांडा। मंडार गांव में महिला ने नाबालिग बेटे संग मिलकर पति को लाठी-डंडे से बीट-पीटकर मार डाला। बेटी की तहरीर पर केस दर्ज कर मृतक की पत्नी, बेटे और साला तथा ससुर को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।परमेश्वर करीब 37 वर्ष तक मंडार गांव के प्रधान रहे। सियाराम पटेल (48) उनका इकलौता बेटा था। घर में सियाराम की पत्नी ममता, बड़ी बेटी आराध्या (17) और दो नाबालिग बेटे रहते हैं। बड़ी बेटी ने बताया कि पिता नशे के आदी थे और इसका विरोध करने पर आए दिन घर में मारपीट करते थे।शनिवार शाम करीब सात बजे भी उन्होंने मारपीट की। आक्रोशित होकर मां और भाई ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इसमें उनके दोनों हाथ, पैर और एड़ी की हड्डी टूट गईं और सिर के पीछे व सीने में गंभीर चोट पहुंची। इससे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।मां ने घटना की जानकारी दी तो मेजा निवासी नाना रामलखन पटेल और मामा शिव पटेल झोलाछाप को लेकर आए। मरहम-पट्टी के बाद पिता को अस्पतालले जाने लगे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। रात करीब साढ़े 11 बजे शव लेकर ‘घर पहुंचे परिजनों ने घटना की जानकारी करछना थाना क्षेत्र के कचरी गांव निवासी बुआ नीलम व फूफा संतोषको दी।उधर, थाना प्रभारी ने बताया कि बहन-बहनोई की सूचना पर भोर में चार बजे के करीब वह मौके पर पहुंचे। एसीपी मेजा रवि कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतक की बेटी की तहरीर पर पत्नी ममता व नाबालिग बेटे पर मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल दोनों मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
